Team Edubeats
| Updated:Jan 12, 2021गोरखपुर
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण शिक्षा स्वास्थ्य से संबंधित दस दिवसीय कार्यक्रम 'मिशन शक्ति' आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम शारदीय नवरात्र से प्रारंभ होकर बासन्तिक नवरात्र तक चलेगा।
'मिशन शक्ति' के प्रथम दिवस कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सुरक्षा हेतु शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया,जिसमें भूगोल, इतिहास एवं मनोविज्ञान विभाग के लगभग 132 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन 'मिशन शक्ति' कार्यक्रम की विश्वविद्यालय संयोजक प्रोफेसर सुषमा पांडे ने अपने वक्तव्य से किया।
प्रो सुषमा ने भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से महिलाओं की सामाजिक स्थिति पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राचीन काल में महिलाओं को बहुत से अधिकार थे तथा समाज में उनकी स्थिति उच्च थी परंतु आज के समय में उनकी स्थिति पहले जैसी नहीं रही, इसलिए मिशन शक्ति की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम में भूगोल विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर एन. के.राना ने भी महिला सम्मान और सुरक्षा पर अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि महिलाएं अपने आप में बहुत शक्तिशाली हैं, उन्हीं से ही सृष्टि चल रही है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के तीन स्तंभों आत्मरक्षा, आत्मसम्मान एवं आत्मनिर्भरता के बारे में भी बताया।
'मिशन शक्ति' कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ सर्वेश कुमार ने सभी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मुकुंदशरण त्रिपाठी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में डॉ रुचिका सिंह विश्वविद्यालय सहायक जन सूचना अधिकारी, डॉ दीपक प्रसाद एवं श्री अंकित सिंह उपस्थित रहे।